अमरकंटक में 24–25 जनवरी को होगा दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव–2026, तैयारियों को दिया जा रहा अंतिम रूप
अनूपपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की विश्व प्रसिद्ध नर्मदा उद्गम नगरी अमरकंटक में दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन 24 एवं 25 जनवरी को किया जाएगा। मां नर्मदा की पावन जन्मस्थली अमरकंटक में आयोजित होने वाले इस महोत्सव
फाईल


अनूपपुर, 23 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की विश्व प्रसिद्ध नर्मदा उद्गम नगरी अमरकंटक में दो दिवसीय नर्मदा महोत्सव–2026 का भव्य आयोजन 24 एवं 25 जनवरी को किया जाएगा। मां नर्मदा की पावन जन्मस्थली अमरकंटक में आयोजित होने वाले इस महोत्सव को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं, जिन्हें कलेक्टर हर्षल पंचोली के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में अंतिम रूप दिया जा रहा है। नर्मदा महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और जनजातीय लोक परंपराओं का अद्भुत संगम होगा।

नर्मदा महोत्सव–2026 की शुरुआत 24 जनवरी को प्रातः 11 बजे मां नर्मदा की भव्य शोभायात्रा के साथ होगी। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकाली जाएगी, जिसमें श्रद्धालु, संतगण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे। शोभायात्रा के उपरांत दोपहर 1 बजे अखण्ड कीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें भक्तिमय वातावरण के बीच मां नर्मदा के गुणगान होंगे।

कार्यक्रमों की श्रृंखला में शाम 4 बजे निर्झरणी महोत्सव आयोजित किया जाएगा, जो इस आयोजन का विशेष आकर्षण रहेगा। इसके पश्चात शाम 7 बजे महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मां नर्मदा की दिव्य आराधना की जाएगी। रात्रि 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य प्रस्तुति दी जाएगी, जो देर रात तक चलेगी।

निर्झरणी महोत्सव का आयोजन जिला प्रशासन अनूपपुर, मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं श्री नर्मदे हर सेवा न्यास अमरकंटक के सहयोग से किया जा रहा है। इस अवसर पर विभिन्न जनजातीय एवं लोक कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। बैगा जनजाति द्वारा करमा नृत्य की प्रस्तुति डिण्डौरी जिले के अर्जुन सिंह धुर्वे एवं उनके साथी प्रस्तुत करेंगे। वहीं गोंड जनजाति द्वारा गुदुम बाजा नृत्य की प्रस्तुति अनूपपुर जिले के शिवप्रसाद धुर्वे एवं उनके साथी देंगे।

इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी लोकगायन की प्रस्तुति छत्तीसगढ़ के संजीवन टांडिया एवं उनके साथी द्वारा दी जाएगी। भुवनेश्वर के सुनील साहू एवं उनके साथी शंखध्वनि की आध्यात्मिक प्रस्तुति देंगे, जबकि सिवनी की बाली ठाकरे एवं उनके साथी भक्ति संगीत से श्रद्धालुओं को भावविभोर करेंगे। नर्मदा महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नगर को आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है तथा यातायात, स्वास्थ्य और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

जिला प्रशासन अनूपपुर द्वारा समस्त नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की गई है कि वे 24 एवं 25 जनवरी को अमरकंटक में आयोजित नर्मदा महोत्सव–2026 में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर इस पावन आयोजन को सफल बनाएं और मां नर्मदा के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला