Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सूरत महानगर पालिका को मिली ‘ब्रिज सिटी’ की पहचान
सूरत, 22 जनवरी (हि.स.)। गुजरात की सूरत महानगरपालिका के कतारगाम में निर्मित रत्नमाला जंक्शन और गजेरा जंक्शन को जोड़ने वाले एक तरफ का टू-लेन फ्लाईओवर ब्रिज का गुरुवार को केंद्रीय जलशक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल ने लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मेयर दक्षेश किशोरभाई मावाणी, राज्यसभा सांसद गोविंदभाई ढोलकिया तथा विधायक विनोदभाई मोरडिया विशेष रूप से उपस्थित रहे। ई.पी.सी. (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) पद्धति से निर्मित इस 4-लेन फ्लाईओवर ब्रिज में से कांसानगर से अमरोली की ओर जाने वाले एकतरफा 2-लेन ब्रिज को आज आम जनता के लिए खोल दिया गया।
पालिका ने ‘ब्रिज सिटी’ के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। देश में सबसे अधिक फ्लाईओवर ब्रिज वाला शहर सूरत है। आज के ही दिन 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा हुई थी, ऐसे पावन अवसर पर इस ब्रिज के लोकार्पण से वाहन चालकों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
मेयर दक्षेश किशोरभाई मावाणी ने जानकारी दी कि आगामी दो महीनों में अमरोली ब्रिज से कांसानगर को जोड़ने वाले दूसरी दिशा के दो लेन ब्रिज का भी लोकार्पण करने की योजना है।
करीब 12 लाख वाहन चालकों को होगा फायदा
फोर-लेन का यह फ्लायओवर ब्रिज करीब 62.84 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किया जा रहा है। इसमें से 31.42 करोड़ रुपये की लागत से बने दो लेन के रत्नमाला ब्रिज के शुरू होने से अमरोली और कतारगाम के बीच कनेक्टिविटी और तेज होगी। जंक्शन पर लगने वाले ट्रैफिक जाम से निजात मिलेगी। करीब 12 लाख वाहन चालकों का आवागमन सुगम और आसान बनेगा, जिससे उनके समय और ईंधन की भी बचत होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे