Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लेह (लद्दाख), 22 जनवरी (हि.स.)। खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईडब्ल्यूजी) 2026 के तीसरे दिन गुरुवार को दो स्वर्ण पदकों का फैसला हुआ, जिसमें तमिलनाडु और मध्य प्रदेश के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 500 मीटर लॉन्ग ट्रैक स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक अपने नाम किए। पुरुष वर्ग में तमिलनाडु जबकि महिला वर्ग में मध्य प्रदेश ने शीर्ष स्थान हासिल किया। ये मुकाबले लेह के गुपुख्स पॉन्ड में खेले गए।
हरियाणा बुधवार को जीते गए फिगर स्केटिंग के दो स्वर्ण पदकों की बदौलत पदक तालिका में अब भी पहले स्थान पर बना हुआ है। उत्तराखंड, केरल, तमिलनाडु और मध्य प्रदेश एक-एक स्वर्ण के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जबकि मेजबान लद्दाख दो रजत और दो कांस्य पदकों के साथ छठे स्थान पर है। लद्दाख चरण का समापन गणतंत्र दिवस के दिन होगा।
तमिलनाडु के अविक्षित विजय विश्वनाथ ने पुरुष 500 मीटर लॉन्ग ट्रैक में स्वर्ण पदक जीतकर पिछले साल का खिताब बरकरार रखा। उन्होंने 43.48 सेकंड का समय निकाला। आंध्र प्रदेश के दंडा चंद्र मौली को रजत और कर्नाटक के हर्षित बीटी को कांस्य पदक मिला। खास बात यह रही कि शीर्ष छह स्थान दक्षिण भारत के तीन राज्यों के खिलाड़ियों ने साझा किए।
महिला वर्ग में मध्य प्रदेश की 15 वर्षीय उद्रेका सिंह ने 53.94 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। यह उनका तीसरा केआईडब्ल्यूजी था और उन्होंने पहली बार लॉन्ग ट्रैक स्केटिंग में भाग लेते हुए यह उपलब्धि हासिल की। स्थानीय खिलाड़ी स्कार्मा सुल्तिम रजत और लद्दाख की तस्निया शमीम कांस्य पदक विजेता रहीं।
आइस हॉकी में आर्मी टीम ने ग्रुप ए में अपना दबदबा जारी रखते हुए चंडीगढ़ को 10-1 से हराया। महिला वर्ग में लद्दाख और आईटीबीपी की टीमें प्रभावशाली जीत के साथ एक और फाइनल मुकाबले की ओर बढ़ती नजर आईं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय