Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सूरत, 18 जनवरी (हि.स.)। सूरत में केंद्रीय जलशक्ति मंत्री एवं नवसारी लोकसभा क्षेत्र के सांसद सी.आर. पाटिल की अध्यक्षता में नवसारी जिले के सरपंचों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ विशेष ‘सांसद संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल ने कहा कि जल संरक्षण और जनसेवा के प्रकल्पों के कारण नवसारी आज देश के लिए रोल मॉडल बन चुका है। उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में पारदर्शिता लाने के लिए विशेष सुधार अभियान चलाया गया, जिससे डुप्लीकेशन हटाया गया। साथ ही 18 वर्ष से अधिक उम्र के सभी युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील की।
पाटिल ने कहा कि नवसारी जिला देश का पहला ‘धुंआ मुक्त जिला’ बना है। सुकन्या समृद्धि योजना में भी नवसारी ने देशभर में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। उन्होंने बताया कि देश में 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से स्वच्छता का स्तर बढ़ा है और डब्लूएचओ की रिपोर्ट के अनुसार स्वच्छता व शुद्ध पानी के कारण पिछले पांच वर्षों में तीन लाख से अधिक बच्चों की जान बचाई जा सकी है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में बदलाव कर इसे भ्रष्टाचार मुक्त बनाया गया है। अब मनरेगा जल संरक्षण का भी प्रमुख माध्यम बन गई है। योजना के 65 प्रतिशत फंड का उपयोग जल संचय और संरक्षण कार्यों में किया जाएगा।
‘नल से जल’ योजना के तहत देश के करोड़ों नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया गया है। पानी की गुणवत्ता जांच के लिए देशभर में 15 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण देकर ‘जल दूत’ बनाया गया है।
पाटिल ने सरपंचों से गांवों में स्वच्छता प्रतियोगिता आयोजित करने, विधवा महिलाओं को सहायता, आयुष्मान कार्ड और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत गांव और शहर दोनों स्तरों पर वर्षा जल संचय कार्यों को तेज करना जरूरी है।
उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने कहा कि प्रधानमंत्री की दृढ़ इच्छाशक्ति से कश्मीर से कन्याकुमारी तक हर नागरिक के कल्याण के लिए काम हो रहा है। नवसारी क्षेत्र में जल संरक्षण और आदर्श गांव की दिशा में किया गया कार्य पूरे देश के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि हर घर नल से जल पहुंचाकर महिलाओं को पानी की परेशानी से मुक्ति दिलाई गई है और गांवों में शौचालय बनाकर सम्मानजनक जीवन दिया गया है। आयुष्मान कार्ड से गरीब और मध्यम वर्ग को 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की सुविधा मिली है।
मेयर दक्षेश मावाणी का वक्तव्य
मेयर दक्षेश मावाणी ने कहा कि ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत नवसारी में एक ही दिन में 1100 जल संरचनाएं बनाकर ऐतिहासिक कार्य किया गया। उन्होंने बताया कि सूरत शहर को एक साथ 17 राष्ट्रीय पुरस्कार मिले हैं, जो स्वच्छता और जनभागीदारी का प्रमाण है। जन सहभागिता से अब तक 32 लाख रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं बनाई गई हैं।
कार्यक्रम में रेन वाटर हार्वेस्टिंग पर आधारित वीडियो फिल्म दिखाई गई। विभिन्न गांवों के सरपंचों ने अपने विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
इस अवसर पर विधायक संदीप देसाई, मनुभाई पटेल, संगीताबेन पाटिल, स्थायी समिति अध्यक्ष राजनभाई पटेल, शहर भाजपा प्रमुख परेशभाई पटेल, पूर्व मेयर निरंजनभाई झांझमेरा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे