Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आत्मग्लानि से परेशान हैं कांग्रेसी, सोनिया-राहुल के दरबार में एंट्री नहीं
रायपुर 18 जनवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन से छत्तीसगढ़ भाजपा नेताओं की लगातार मुलाकात पर आए कांग्रेस नेताओं के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। डॉ. मिश्रा ने आज एक बयान जारी कर कहा कि भाजपा राजनीतिक दल से पहले एक परिवार है, भाजपा की संस्कृति में परिवार के मुखिया से मुलाकात बेहद सामान्य व सरल है, लेकिन कांग्रेस एक परिवारवादी पार्टी है, यहां परिवार के मुखिया से मुलाकात करना तो दूर उन तक पहुंचना भी मुश्किल है, इसी आत्मग्लानि के चलते कांग्रेस के नेता परेशान हैंऔर ऊलजुलूल बयानबाजी कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष को बार-बार बताना पड़ता है कि पार्टी के मुखिया वे ही हैं, लेकिन कांग्रेसी इससे अलग केवल सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा के दरबार में हाजिरी को ही तरजीह देते हैं, इसलिए उन्हें समझ नहीं कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष की भूमिका क्या होती है? डॉ. मिश्रा ने याद दिलाया कि छत्तीसगढ़ में जब कांग्रेस की सरकार थी और भूपेश बघेल मुख्यमंत्री थे, तब भी उन्हें सोनिया गांधी के दरबार में हाजिरी लगाने की अनुमति नहीं मिली। तब सुरक्षा बलों से श्री बघेल को जूझना पड़ा था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। भाजपा में यह स्थिति नहीं है। इसलिए कांग्रेस को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में कुछ भी बोलने से पहले खुद के भीतर झाँक लेना चाहिए कि उनकी दिल्ली में कितनी पूछपरख है?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल