Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जयपुर, 10 जनवरी (हि.स.)। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने शनिवार को विधायक और वरिष्ठ पत्रकार गोपाल शर्मा द्वारा लिखी पुस्तक ’मेरी मुलाकातें’ का विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के साथ विमोचन किया। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने कार्यक्रम में ऑनलाइन भाग लिया।
राज्यपाल बागडे ने गोपाल शर्मा को पुस्तक के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनके लिए इंटरव्यू महत्वपूर्ण और संग्रहणीय है। उनकी यह पुस्तक पत्रकारिता के स्वस्थ मूल्यों के साथ साहित्य की संवेदना लिए है। उन्होंने पत्रकारिता के साथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ की अपनी स्वयं की कुछ यादें भी साझा की। उन्होंने कहा कि इंटरव्यू की यह पुस्तक पत्रकारिता जगत के लिए ही नहीं भारत निर्माण से जुड़े विशिष्ट व्यक्तित्वों को गहराई से जानने और समझने में रुचि रखने वालों के लिए भी समान रूप से उपयोगी होगी।
राज्यपाल ने पत्रकारिता में इंटरव्यू विधा को समय के दस्तावेज बताते हुए कहा कि साक्षात्कार वही सार्थक होते हैं, जिनमें लेने और देने वाला दोनों ही विषय और सामयिक संदर्भों के मर्मज्ञ हों। उन्होंने विश्वास जताया कि गोपाल शर्मा के लिखे से पाठक लाभान्वित होंगे।
बागडे ने इस दौरान पत्रकारिता की भारतीय परम्परा की चर्चा करते हुए कहा कि हमारे यहां पत्रकारिता के सदा ही आदर्श मूल्यों से जुड़ी रही है। पत्रकारिता चौथा स्तम्भ इसीलिए कहा गया है कि यह लोकतंत्र की जड़ों को सींचने का कार्य करती है। उन्होंने संवाद जरूरी बताते हुए सभी को पत्रकारिता के स्वस्थ मूल्यों के लिए कार्य करने का आह्वान किया। इससे पहले राज्यपाल ने पुस्तक के अंशों से जुड़ी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश