Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

लखनऊ, 15 जून (हि.स.)। आबकारी एवं मद्यनिषेध राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने रविवार को लखनऊ के ग्रामीण क्षेत्र मलिहाबाद में उत्तर प्रदेश की प्रथम वायनरी एम्ब्रोसिया नेचर लिविंग एल.एल.पी. का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मंत्री ने वायनरी की स्थापना के लिए कम्पनी के संस्थापक कुंवर माधवेंद्र देव सिंह को शुभकामना दी।
मंत्री नितिन अग्रवाल ने वायनरी की स्थापना के अवसर पर कहा कि मलिहाबाद में उगाए गए फलों से अब वाइन बनाई जाएगी। प्रदेश में फल उत्पादन को इससे प्रोत्साहन मिलेगा और इस वायनरी से राजस्व में भी वृद्धि होगी। यह कदम उद्यमिता को बढ़ावा देगा। साथ ही किसानों और स्थानीय उद्यमियों के लिए बेहद लाभकारी सिद्ध होगा। किसानों की आमदनी भी इससे बढ़ेगी और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
इस अवसर पर भव्य मैंगो फेस्टिवल का भी आयोजन हुआ। मैंगो फेस्टिवल में बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटकों का पहुंचना हुआ। फेस्टिवल में घुड़सवारी, ऊंट सवारी, बैलगाड़ी की सवारी और मिट्टी के बर्तन बनाने जैसी पारंपरिक गतिविधियों का आनंद भी पर्यटकों ने उठाया। आयोजन मलिहाबाद के आमों की महत्ता को दर्शाता हुआ दिखा, तो वहीं क्षेत्रीय पर्यटन, कृषि और सांस्कृतिक विरासत क्षेत्र में भी नई दिशा देने वाला सिद्ध हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र