Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

छतरपुर, 24 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में शनिवार को दोपहर में बमीठा थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ा रोड स्थित ड्रीम स्विंगपूल में डूबने से एक सात साल के बच्चे की मौत हो गई। वह अपने पिता के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। इसी दौरान डूब गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण कर स्विंगपूल पर कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम गढ़ा में ढ़ावा संचालक बिहार के जगदीशपुरा निवासी अजीत सिंह अपने सात वर्षीय बेटे रिहंश के साथ शनिवार को दोपहर में ड्रीम स्विंगपूल गए थे। इसी दौरान नहाते समय यह हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार प्रतीक रजक ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में पाया गया कि स्विमिंग पूल में न तो कोई लाइफगार्ड था और न ही कोई सुरक्षा उपकरण। पूल का पानी भी खराब स्थिति में था।
स्विमिंग पूल पर किसी रचना सोनी का नाम और फोन नंबर लिखा था। प्रशासन ने संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मौके पर न तो कोई कर्मचारी मिला और न ही संचालक। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रशासन ने स्विमिंग पूल को सील कर दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर