Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धमतरी, 8 दिसंबर (हि.स.)। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर के निर्देशानुसार धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखने के लिए अवैध धान परिवहन, भंडारण तथा कोचियों/बिचौलियों की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में तहसील स्तरीय उड़नदस्ता दल द्वारा आज नगरी क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों—संतोष खंडेलवाल, शिवम ट्रेडर्स घुटकेल, दीपक ट्रेडर्स बोराई तथा चम्पालाल बाबूलाल बोराई—में राजस्व विभाग, खाद्य विभाग, कृषि विभाग और कृषि उपज मंडी के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने आकस्मिक जांच की। जांच के दौरान मंडी अधिनियम 1972 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए इन प्रतिष्ठानों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया गया तथा कुल 123.20 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीद को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उड़नदस्ता दल द्वारा अवैध धान भंडारण और परिवहन पर आगे भी सतत एवं कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा