Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

वाराणसी, 08 दिसम्बर (हि. स.)। वाराणसी में कज्जाकपुरा क्षेत्र में नवनिर्मित ओवरब्रिज का दक्षिणी विधानसभा के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने निरीक्षण किया। विधायक डॉ नीलकंठ ने सेतु निगम के अधिकारियों के साथ अभी तक पूर्ण हो चुके कार्यों की समीक्षा की और इस दौरान उन्होंने कहा कि नवनिर्मित ओवरब्रिज का नाम लाट भैरव के नाम से करने की तैयारी है। प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बनारस के लोगों को नवीन ओवरब्रिज मिलने से जाम से मुक्ति मिलेगी। 1980 से स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर लगने वाले जाम से मुक्ति का प्रयास किया है। इस ओवरब्रिज के बनने से दक्षिणी विधानसभा के चौक, पक्का महाल के लोगों को सारनाथ, आशापुर, रिंग रोड जाने में सुविधा होगी।
विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने राज्य सेतु निगम के अधिकारियों के साथ ओवरब्रिज का पैदल भ्रमण भी किया और बाद में वाहन चलाकर भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद विधायक ने सेतु निगम के ओवरब्रिज निर्माण कार्य पर संतोष जाहिर किया और शेष कार्यों को शीघ्रता से पूर्ण करने के लिए कहा।
हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र