Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हाथरस, 8 दिसंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आज शहर के मुख्य मार्गों पर मानकाें के विपरीत लगे सभी होर्डिंग और यूनीपोल तुरंत हटाने के निर्देश दिए हैं। शहर भ्रमण के दौरान उन्होंने इन यूनीपोल को जन सुरक्षा के लिए खतरनाक बताते हुए कहा कि यह किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
सोमवार को निरीक्षण के समय जिलाधिकारी अतुल वत्स ने एसडीएम सदर राज बहादुर सिंह तथा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार सहित संबंधित अधिकारियों को भी माैके पर ही बुला लिया। जिलाधिकारी ने इन अधिकारियाें काे निर्देश दिए कि शहर के मुख्य मार्गों के किनारे लगाए गए अवैध यूनीपोल बिना किसी देरी के तत्काल हटाए जाएं ।
इन क्षेत्राें में हाेगी कार्यवाही
नगरपालिका क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर लगे अवैध होर्डिंगों व यूनीपाल, कई एडवरटाइजर्स द्वारा लगाए गए यूनीपोलों काे हटाया जाएगा। सुजाता हॉस्पीटल के सामने, बौहरे वाली देवी के सामने मथुरा रोड पर, मधूगढी चौराहे, मधूगढी स्थित इण्डियन पेट्रोल पम्प एजेंसी के सामने, श्री नगर स्थित मन्दिर के सामने, बॉबी पराठे वाले के सामने, तालाब चौराहे पर लगाये गये यूनीपोल अवैध हैं। इनमें से कई होर्डिंगों व यूनीपाेल नगर पालिका परिषद हाथरस से संबंधित अनुमति प्राप्त किए बिना ही लगाए गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लकी शर्मा