Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

फतेहाबाद, 8 दिसंबर (हि.स.)। साइबर ठगों ने एक रिटायर रोडवेज कर्मचारी को अपना निशाना बनाते हुए उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए। कर्मचारी को जब अपने साथ हुए फ्रॉड का पता चला तो उसने पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में सोमवार को साइबर थाना फतेहाबाद में धोखाधड़ी बारे केस दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में टोहाना निवासी प्रेम सिंह पुत्र भाना राम ने कहा है कि वह परिवहन विभाग से रिटायर है। उसका एसबीआई बैंक टोहाना में खाता है। 12 अक्टूबर शाम को उसके मोबाइल पर उसके खाते से पैसे कटने का मैसेज प्राप्त हुआ। उसके बैंक खाते से 49-49 हजार रुपये दो बार में यानि कुल 98 हजार रुपये कट गए थे। उस समय उसके घर में बेटी की शादी थी जिस कारण वह इस बारे शिकायत नहीं कर पाया। इस उसने बैंक में जाकर पता किया तो उसे जानकारी मिली कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके साथ धोखाधड़ी करते हुए उसके बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए हैं। इस पर उसने इस बारे ऑनलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में अब साइबर थाना फतेहाबाद पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा