Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आगरा, 8 दिसंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को निर्धारित समय से करीब एक घंटा देरी से अपराह्न 4 बजे वायुयान से खेरिया हवाई अड्डे आगरा पहुंचे। हवाई अड्डे पर भाजपा सांसद, विधायकों एवं पार्टी पदाधिकारीयों ने फूल मालाओं से उनका स्वागत किया। वहां से सीधे मंडलायुक्त सभागार में आगरा मंडल के जनपदों -आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा और मैनपुरी के जन प्रतिनिधियों, जिला एवं महानगर अध्यक्ष तथा विधानसभा प्रभारी एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं की बैठक की। उनके साथ बातचीत कर आगरा में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। 4 नवंबर से 11 दिसंबर तक चलाए जा रहे मतदाता सूची विशेष पुनरक्षण अभियान की प्रगति पर फीडबैक भी लिया।
मुख्यमंत्री योगी ने आगरा मंडल के सभी जिलों के भाजपा जन प्रतिनिधियों और वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक मजबूती हेतु दिशा निर्देश दिए। चल रहे मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में इस काम में जुड़े पार्टी पदाधिकारी को धरातलीय सहभागिता और विशेष रूप से रुचि लेने के लिए निर्देश दिए। करीब एक घंटे चली इस बैठक में मंत्री लक्ष्मी नारायण, पर्यटन एवं प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह सहित आगरा मंडल के जनपदों के भाजपा जनप्रतिनिधि, जिला अध्यक्ष, महानगर अध्यक्ष, और विधानसभा संयोजक एवं प्रभारी मौजूद रहे। मंडलीय समीक्षा बैठक में भाग लेने के बाद योगी आदित्यनाथ खेरिया हवाई अड्डे पहुंचकर शाम 6 बजे लखनऊ के लिए रवाना हाे गए।
खेरिया एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में सांसद राजकुमार चाहर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, श्याम भदौरिया, राकेश गर्ग, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, विधायक चौ. बाबूलाल और प्रदेश सरकार में मंत्री धर्मवीर प्रजापति समेत अनेक वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी शामिल रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्यमंत्री का अभिनंदन और स्वागत किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Vivek Upadhyay