Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

सीधी, 05 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में शुक्रवार सुबह आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने कुसमी विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल खोखरा के प्राचार्य अभिमन्यु सिंह के ठिकानों पर छापामार कार्रवाई की है। करीब 50 सदस्यीय ईओडब्ल्यू की अलग-अलग टीमों ने एक साथ तीन ठिकानों - अमहा स्थित ऊंची हवेली, पुश्तैनी घर ग्राम मड़वास और कुसमी क्षेत्र में स्थित संपत्तियों की जांच के लिए दबिश देकर सर्चिंग शुरू की। इस दौरान जांच टीम को 4.36 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति मिली है।
प्राचार्य अभिमन्यु सिंह के खिलाफ अपने सरकारी कार्यकाल में आय से कई गुना अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिलने के बाद ईओडब्ल्यू की टीमों ने शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे उनके तीन ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की। जैसे ही टीम ने घर का दरवाजा खटखटाया, प्राचार्य अभिमन्यु सिंह दरवाजा खोला। इसके बाद करीब 13 सदस्यीय टीम अंदर दाखिल हो गई। इसी दौरान अन्य ठिकानों पर भी अलग-अलग टीमें पहुंचीं, जहां पुलिस बल की सहायता से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई थी।
ईओडब्ल्यू टीम के कार्यवाहक निरीक्षक हरीश त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्रवाई दो महीने पहले रीवा ईओडब्ल्यू कार्यालय में दर्ज हुई एक शिकायत के आधार पर की जा रही है। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद यह व्यापक छापामार अभियान शुरू किया गया। टीम प्राचार्य से जुड़े वाहनों के दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड, जमीन और मकान से संबंधित कागजात सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों को कब्जे में ले रही है।
निरीक्षक त्रिपाठी ने बताया कि हम सुबह से छापामार कार्रवाई कर रहे हैं। अभी तक कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं और जांच की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। कार्रवाई पूरी होने तक टीमें विभिन्न ठिकानों पर तैनात रहेंगी। इस पूरी कार्रवाई में सीधी पुलिस लाइन में पदस्थ पुलिसकर्मी भी सहयोग कर रहे हैं। ईओडब्ल्यू टीम ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से आवश्यक सहायता मांगी थी, जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचकर सुरक्षा और व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहा है।
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की प्रारंभिक जांच के अनुसार, वर्ष 1998 से फरवरी 2025 तक उनकी वैध आय के अनुसार कुल संपत्ति 57.28 लाख रुपये होनी थी, जबकि जांच टीम को 4.36 करोड़ रुपये की बेहिसाब संपत्ति मिली है। इस बडे अंतर के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। शिक्षक के घर में ईओडब्लू की कार्रवाई जारी है। कई दस्तावेज, बैंक डिटेल्स और प्रॉपर्टी रिकॉर्ड जब्त किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर