Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बिजनौर , 5 दिसम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नूरपुर अमरोहा मार्ग पर शिवाला कलां थाना क्षेत्र में जुझेला पुलिया के पास एक गुलदार की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना देर रात एक बैंक्वेट हॉल के समीप हुई है।
शुक्रवार सुबह सड़क पर गुलदार का शव पड़ा देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुलदार के मुंह से खून बह रहा था, जिससे प्रतीत होता है कि रात में किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना स्थल के आस पास मादा गुलदार भी देखी गई है और गुर्राने की आवाजें भी आ रही है। सूचना मिलते ही वन विभाग के दरोगा मोती लाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गुलदार के शव को कब्जे में लिया। टीम ने घटना स्थल का बारीकी से मुआयना किया।
वन विभाग की टीम गुलदार के शव को कार्यालय ले गई है, जहां अधिकारियों के अगले आदेश पर पोस्टमॉर्टम की तैयारी की जाएगी। दरोगा मोती लाल ने बताया कि मौत के तथ्यों को जानने के लिए सभी तकनीकी पहलुओं पर जांच की जाएगी और अज्ञात वाहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र