नवादा में प्रखंड कार्यालय कैंपस से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद
नवादा, 5 दिसंबर (हि.स.)।नवादा जिले के सिरदला प्रखंड कार्यालय कैंपस से शुक्रवार को एक चौंकाने वाली बरामदगी हुई। बीडीओ आवास के ठीक पीछे स्थित पुराने खंडहरनुमा आवास से पुलिस ने दो प्लास्टिक के बोरों में भरी 375 एमएल की 39 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की
बरामद शराब


नवादा, 5 दिसंबर (हि.स.)।नवादा जिले के सिरदला प्रखंड कार्यालय कैंपस से शुक्रवार को एक चौंकाने वाली बरामदगी हुई। बीडीओ आवास के ठीक पीछे स्थित पुराने खंडहरनुमा आवास से पुलिस ने दो प्लास्टिक के बोरों में भरी 375 एमएल की 39 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की है। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बीच सरकारी कार्यालय परिसर से शराब मिलना पूरे इलाके में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है।

सिरदला थाना अध्यक्ष सुरेन्द्र कुमार के अवकाश पर रहने के कारण कार्रवाई का नेतृत्व अपर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने किया। उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पुराने जर्जर क्वार्टर में बोरे में छिपाकर शराब रखी गई थी। पुलिस के पहुंचते ही कारोबारी भागने में सफल हुआ, जिससे यह साफ होता है कि किसी को कार्रवाई की भनक पहले ही लग चुकी थी।

पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, खासकर इस बात की कि शराब जैसी प्रतिबंधित वस्तु प्रखंड कार्यालय कैंपस तक कैसे पहुंची और किसकी मिलीभगत से यहां छुपाकर रखी गई।

स्थानीय लोगों में इस बरामदगी को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकारी संस्थानों के भीतर ही शराब की तस्करी का अड्डा बन जाए, तो शराबबंदी सिर्फ कागजों में ही सफल मानी जाएगी। लोगों ने सवाल उठाया कि कार्यालय परिसर में मौजूद सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी कैसे इतने बड़े स्तर की लापरवाही को अनदेखा कर गई।

इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली के साथ-साथ शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। पुलिस अब फरार कारोबारी की तलाश में जुटी है और जांच पूरी होने पर कई चौंकाने वाले खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन