Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

प्रयागराज, 07 नवम्बर (हि.स.)। उप्र के प्रयागराज जिले में स्थित फाफामऊ पुलिस टीम ने गंगा विहार कालोनी स्थित मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में छापा मारकर शुक्रवार को विभिन्न कम्पनियों के कूटरचित रैपर व पैक शुदा नकली देशी घी, तेल नमक, टूथपेस्ट आदि लगभग 30 लाख रुपये का सामान बरामद किया। पुलिस टीम ने एक आरोपित को मौके से गिरफ्तार किया और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित फाफामऊ के ही पुरानी गली निवासी पंकज केसरवानी पुत्र स्वर्गीय छेदीलाल को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने उसके खिलाफ फाफामऊ थाने में धारा 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2),274 भारतीय न्याय संहिता व 63/65 कॉपीराइट एक्ट पंजीकृत किया है। इसके साथ ही उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।
गिरफ्तार पंकज केसरवानी से की गई पूछताछ के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि पंकज केसरवानी तथा गोपाल चन्द्र केसरवानी व मुकेश चंद्र केसरवानी पुत्रगण रामबाबू निवासी लहटी बाजार थाना सोरांव कमिश्नरेट प्रयागराज मिलकर ब्रांडेड कम्पनी के रैपर का इस्तेमाल कर उसमें नकली, सस्ता व मिलावटी सामान एवं माल मिलाकर जनता को भ्रम में डालकर अधिक दामों में बेचकर भारी मुनाफा अर्जित करते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल