Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मीरजापुर, 7 नवंबर (हि.स.)। पड़री थाना क्षेत्र के दूबेपुर-पहाड़ा संपर्क मार्ग स्थित बसारी गांव की पुलिया के पास शुक्रवार की दोपहर एक 25 वर्षीय अज्ञात महिला अचेतावस्था में पड़ी मिली, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, एक लाल रंग का टोटो आकर महिला को उतारकर चला गया, जिसके बाद महिला सड़क किनारे गिर पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान दीपक वर्मा ने तुरंत पड़री पुलिस को अवगत कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पड़री में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि महिला को अचेतावस्था में लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद थोड़ा होश आने पर उसने अपना नाम गूंजा बताया, लेकिन पता बताने में असमर्थ रही। डॉक्टर के अनुसार महिला अभी भी अर्धचेतन अवस्था में है। इस बीच पुलिस ने आसपास के गांवों में उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह ने बताया कि महिला को बसारी गांव से अचेतावस्था में बरामद किया गया, फिलहाल उसका इलाज जारी है। उन्होंने कहा कि महिला के पूरी तरह होश में आने पर ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वह कौन है और वहां कैसे पहुंची।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा