Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हावड़ा, 18 नवम्बर (हि. स.)। जिले के अंदुल स्थित मौरीग्राम में मंगलवार को बाइक गैरेज में भीषण आग लगने से एक व्यक्ति की झुलसकर मौत हो गई। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बाइक गैरेज की आड़ में वहां अवैध रूप से तेल का कारोबार चलता था। बड़ी मात्रा में ज्वलनशील तेल जमा होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों और घने धुएं के कारण दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।
सूत्रों के अनुसार, आग लगने के समय गैरेज में मौजूद एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए पुलिस अवैध तेल भंडारण की शिकायतों की जांच कर रही है। गैरेज मालिक और संबंधित लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना को लेकर पूरे इलाके में दहशत फैल गई और स्थानीय लोगों ने अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस और दमकल विभाग मिलकर आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता