Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

हरिद्वार, 18 नवंबर (हि.स.)। मंगलवार को नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए विद्यार्थियों को एक्सपायरी डेट के चिप्स का पैकेट देने का मामला तूल पकड़ गया है। इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से आपूर्ति करने वाली फर्म के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से आज ऋषिकुल ऑडिटोरियम में नशा मुक्त भारत अभियान कार्यक्रम आयोजित किया गया था,जिसमें उपस्थित विद्यार्थियों को दिए जलपान में एक्सपायरी डेट के बिंगो चिप्स पाए गए थे। जिला समाज कल्याण अधिकारी अविनाश भदौरिया की शिकायत पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने आपूर्तिकर्ता फर्म महादेव इंटरप्राइजेज पर छापे मारी की।
शाम को चेकिंग के दौरान दुकान पर बीकानो चिप्स के भी एक्सपायरी डेट के पैकेट बरामद किये गए। जिन्हें कब्जे में लिया गया है। फर्म के व्यवस्थापक ने यह स्वीकार किया कि गलती से आपूर्ति सामग्री में एक्सपायरी डेट के बिंगो चिप्स के कुुुछ पैकेट चले गए थे।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने बताया कि आपूर्तिकर्ता महादेव इंटरप्राइजेज के विरुद्ध निर्णायक अधिकारी के कोर्ट में मुकदमा दर्ज करने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने कहा जिन छात्रों को 14 चिप्स के पैकेट वितरित किए गए थे, वे वापिस ले लिए गए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला