चीन के हाथों हारी ईशा–सम्राट की जोड़ी, रजत पदक से किया संतोष, फ्रांस के रोमैं ऑफ्रेरे ने जीता कांस्य
नई दिल्ली, 11 नवम्बर (हि.स.)। भारत की स्टार निशानेबाज ईशा सिंह और सम्राट राणा की जोड़ी ने विश्व निशानेबाजी चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में रजत पदक जीता। कड़े मुकाबले में भारतीय जोड़ी को चीन के काई ह
चीन के हाथों हारी ईशा–सम्राट की जोड़ी, रजत पदक से किया संतोष, फ्रांस के रोमैं ऑफ्रेरे ने जीता कांस्य


नई दिल्ली, 11 नवम्बर (हि.स.)। भारत की स्टार निशानेबाज ईशा सिंह और सम्राट राणा की जोड़ी ने विश्व निशानेबाजी चैम्पियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में रजत पदक जीता। कड़े मुकाबले में भारतीय जोड़ी को चीन के काई हु और कियानसुन याओ की शीर्ष वरीय जोड़ी ने 16–12 से मात दी।

ईशा–सम्राट की जोड़ी ने क्वालिफिकेशन राउंड में शानदार शुरुआत की थी और 586 अंकों (दोनों ने 293-293 अंक) के संयुक्त स्कोर के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। फाइनल में भी दोनों ने बेहतरीन लय बनाए रखी, लेकिन निर्णायक राउंड में चीनियों ने बाजी मार ली। मुकाबला 13 राउंड तक चला, जिसमें दोनों टीमें 9-9 की बराबरी पर थीं। इसके बाद चीनी जोड़ी ने लगातार तीन राउंड जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।

भारत की दूसरी जोड़ी, सुरूचि और श्रवण कुमार, क्वालिफिकेशन में 579 अंकों के साथ आठवें स्थान पर रही।

पिछली विश्व चैम्पियनशिप में ईशा ने शिवा नारवाल के साथ इसी स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था, लेकिन इस बार उन्हें अपना खिताब गंवाना पड़ा। वहीं सम्राट राणा के लिए यह चैम्पियनशिप बेहद यादगार रही। उन्होंने अपने पहले ही विश्व चैम्पियनशिप में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया।

इस बीच, फ्रांस के रोमैं ऑफ्रेरे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय