अवैध शराब का कहर, भतीजे सहित कई की माैत पर अंधे चाचा ने बंदी की लगाई गुहार
गांव भुड़िया कालौनी में अवैध शराब का ज़हर जारी, परिवारों में मातम और पुलिस खामोश
सुशील राय एसएसपी कार्यालय के बाहर, अवैध शराब से अपने भतीजे की मौत की न्याय की गुहार लगाते हुए।


बरेली, 11 नवंबर (हि.स.) । थाना बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम भुड़िया कालौनी में अवैध शराब का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। गांव में एक के बाद एक हो रही मौतों से मातम पसरा है, लेकिन प्रशासन अब तक खामोश है। गांव के निवासी सुशील राय, जो दृष्टिबाधित हैं, ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि उनके भतीजे विधुर राय की मौत अवैध शराब पीने से हुई है।

सुशील राय का आरोप है कि ढाबा संचालक ब्यूटी मलिक नानकमत्ता से अवैध शराब लाकर खुलेआम परोसती और बेचती है। उसके साथी शोभिम माझी, मिन्टू हलघर, उत्तमराय और पुन्नो राय इस घातक कारोबार में शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गांव में पहले भी प्रधान और गौतम सरकार इसी जहर की भेंट चढ़ चुके हैं, जबकि कल रात रूपेश सिकदर की भी मौत हो गई।

सुशील राय ने कहा, “मैं अंधा हूं, लेकिन देख सकता हूं कि इंसानियत मर रही है। पुलिस संरक्षण में यह मौत का धंधा चल रहा है। कितनी और लाशें चाहिए इन्हें?” उन्होंने मांग की कि जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई हो। गांव में मातम पसरा है, मांएं रो रही हैं, बच्चे अनाथ हो गए हैं, लेकिन अवैध शराब का कारोबार बदस्तूर जारी है। गांव अब न्याय की उम्मीद में सांसें गिन रहा है।

इस मामले पर अजय कुमार, आबकारी निरीक्षक, बहेड़ी ने बताया कि आरोपों की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के सभी धंधेबाजों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत दंडित किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार