बिजनौर : धामपुर - नगीना मार्ग पर भीषण हादसा, दो युवकों की मौत
बिजनौर, 28 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र में धामपुर-नगीना मार्ग पर रविवार देर रात दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब
मृतक सुमित व गौतम


बिजनौर, 28 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के धामपुर थाना क्षेत्र में धामपुर-नगीना मार्ग पर रविवार देर रात दुर्गा विहार कॉलोनी के सामने भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। चारों दोस्त आई-10 कार से घूमने निकले थे।

हाईवे पर पहुंचते ही आई-10 कार अचानक अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर पार कर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच गई। इसी दौरान धामपुर से नगीना की ओर जा रही अर्टिगा कार से आई-10 की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहनों में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुमित (19) पुत्र महेंद्र सिंह सैनी और गौतम (23) पुत्र कमल, निवासी स्टेट बैंक कॉलोनी, को मृत घोषित कर दिया। वहीं शुभम सैनी और वासु की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर कर दिया गया।

अर्टिगा में सवार लोगों को भी हादसे में चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें दूसरे वाहन से उनके गंतव्य की ओर भेज दिया गया। बताया गया कि मृतक दोनों युवक एक दुकान पर नौकरी करते थे। सुमित चार बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गौतम के परिवार में दो भाई और एक बहन हैं। हादसे की सूचना से दोनों परिवारों में मातम छा गया और मोहल्ले में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बिजनौर भेज दिए। धामपुर थाना प्रभारी रामप्रताप सिहं ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी जुटाने के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र