Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

आजमगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में अहरौला थाना क्षेत्र स्थित शंभूपुर गांव में मंगलवार की देर शाम को पूजा के दौरान आधार कार्ड मांगने पर घर के मालिक अरविंद सिंह और पूजा करने आए पंडितों में विवाद हो गया। अरविंद सिंह ने लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारकर पत्नी बबीता और दो पंडितों की हत्या कर दी है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम अरविंद सिंह के घर में पूजा चल रही थी। इस दौरान अरविंद की पत्नी बबीता (32), एक बेटा और एक बेटी के साथ चार पंडित मौजूद थे। घर में पूजा चल रही थी तभी अरविंद वहां पहुंचे और पंडितों से उनका आधार कार्ड मांगने लगे। इसको लेकर उनके बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि काफी तीखी बहस होने के बाद अरविंद ने पिस्टल से फायरिंग कर दी। गोली लगने से उसकी पत्नी बबीता और दो पंडित पटखौली निवासी महेंद्र पाठक (60) और छितौना के भटौली गांव का अखिलेश मिश्रा (50) घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। राइफल से भी गोली चलने की बात सामने आई है। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। घटना के कारणों और मौतों की आधिकारिक स्थिति पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक