Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ऊना, 08 अगस्त (हि.स.)। विकास खंड अंब के तहत पड़ती एक पंचायत में शुक्रवार देर शाम बिजली का करंट लगने से 65 वर्षीय महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान कौशल्या देवी (65) पत्नी स्वर्गीय जीत सिंह निवासी स्तोथर के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार कौशल्या देवी शुक्रवार देर शाम घर के समीप पशुओं के चारे को कुतरने वाली मशीन पर काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मशीन में करंट आ गया और वह इसकी चपेट में आ गईं। करंट लगने से वह बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं। काफी देर तक जब वह घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इस दौरान वह अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी मिलीं। परिजन आनन-फानन में उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया जा रहा है कि कौशल्या देवी गरीब परिवार से संबंध रखती थीं। उनके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। उनका बेटा निजी वाहन में चालक के रूप में कार्य करता है। पंचायत प्रधान सुभाष चंद ने बताया कि अचानक हुए इस हादसे से गांववासी गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कहा कि मृतका गरीब परिवार से थीं और उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल