हाईवा की चपेट में आने से आरएमपी डॉक्टर की मौत, आक्रोशित परिजनों ने किया सड़क जाम
पश्चिमी सिंहभूम, 08 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय आरएमपी डॉक्टर प्रह्लाद महतो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मनीपुर पावर ग्रिड क
मृतक आरएमपी डॉक्टर प्रह्लाद महतो के शव को उठाते और रोती पत्नी


प्रतीकात्मक तस्वीर


पश्चिमी सिंहभूम, 08 अगस्त (हि.स.)। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 42 वर्षीय आरएमपी डॉक्टर प्रह्लाद महतो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा मनोहरपुर-राउरकेला मुख्य मार्ग पर मनीपुर पावर ग्रिड के समीप हुआ। दुर्घटना के बाद मृतक के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। लोगों ने सड़क पर शव रखकर मार्ग जाम कर दिया और अज्ञात हाईवा चालक की गिरफ्तारी तथा उचित मुआवजे की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बड़पोस निवासी प्रह्लाद महतो मनोहरपुर के बाचमगुटू गांव में मेडिकल प्रैक्टिशनर के रूप में क्लीनिक चलाते थे। शनिवार को क्लीनिक का काम निपटाने के बाद वह बाइक से मनोहरपुर के इंदिरा नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। बाइक सरकारी शिक्षक अशोक प्रसाद चला रहे थे, जबकि प्रह्लाद महतो पीछे बैठे थे।

इसी दौरान मनीपुर पावर ग्रिड के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे लौह अयस्क लदे एक अज्ञात हाईवा ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रह्लाद महतो सड़क पर गिर पड़े और उनका सिर बुरी तरह कुचल गया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। इधर, हादसे की जानकारी मिलने पर मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने मनोहरपुर-राउरकेला मार्ग को जाम कर दिया। परिजनों का कहना है कि जब तक पुलिस अज्ञात हाईवा और उसके चालक की पहचान कर कार्रवाई नहीं करती, तब तक सड़क जाम जारी रहेगा।

ग्रामीणों ने चिड़िया से मनोहरपुर के बीच लौह अयस्क लदे भारी वाहनों के लगातार परिचालन पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही के कारण इस मार्ग पर हमेशा दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति और परिचालन व्यवस्था पर नियंत्रण लगाने की मांग की।

सड़क जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस लोगों को समझाने और जाम हटाने का प्रयास करती रही। घटना के बाद बड़पोस गांव और मनोहरपुर क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश में जुटी है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक