Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

अररिया 08 अगस्त(हि.स.)।
संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर भाजपा अररिया नगर इकाई की ओर से शनिवार को कलश वंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलश वंदन यात्रा के शुभ अवसर पर शिवपुरी वार्ड नंबर 09 स्थित संत रविदास आश्रम में प्रदेश भाजपा द्वारा प्राप्त कलश पर पुष्पांजलि अर्पित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष संजय कुमार अकेला ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा उपस्थित हुए। मुख्य अतिथि एवं उपस्थित भाजपा पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने संत रविदास के कलश पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया।
इस अवसर पर मंदिर के पुजारी मुसहरु दास, कृष्ण चंद्र दास एवं देव नारायण राम,भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष गंगा ऋषिदेव, पूर्व जिलाध्यक्ष संतोष कुमार सुराणा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन कुमार यादव, जिला मीडिया प्रभारी सुमित कुमार सुमन, जिला मंत्री कनकलता झा एवं सुष्मिता ठाकुर, जिला कार्यालय मंत्री नीरज कुमार, पूनम यादव, नगर महामंत्री संजीव कुमार पासवान, विजेंद्र दास सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण झा ने कहा कि संत रविदास का जीवन और उनके विचार समाज को समानता, भाईचारा, सामाजिक न्याय एवं समरसता का संदेश देते हैं। उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज में आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर