Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 08 अगस्त (हि.स.)। झारखंड में जेपीएससी-जेएसएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधली के खिलाफ आंदोलन कर रहे अनशनकारी अभ्यर्थी राहुल कुमार क्रांति ने शनिवार को सदर अस्पताल से छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं के नाम संदेश जारी किया, जिसमें उन्होंने 10 अगस्त को प्रस्तावित झारखंड विधानसभा घेराव सह प्रदर्शन में राज्यभर के लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
राहुल कुमार ने अपने संदेश में कहा कि झारखंड के छात्रों के भविष्य का सौदा किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित अनियमितताओं के कारण मेहनतकश और योग्य अभ्यर्थियों के हक एवं अधिकार प्रभावित हुए हैं। ऐसी स्थिति को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
राहुल ने आंदोलन को निर्णायक बताते हुए कहा कि इस बार लड़ाई “आर-पार” की है। उन्होंने कहा कि 10 अगस्त के विधानसभा घेराव में अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं की भागीदारी जरूरी है, ताकि अभ्यर्थियों की आवाज सरकार तक मजबूती से पहुंचाई जा सके और राज्य के युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में दबाव बनाया जा सके।
राहुल ने आंदोलन को सफल बनाने के लिए छात्रों, अभ्यर्थियों, अभिभावकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से हरसंभव प्रयास करने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि अनशन के दौरान राहुल कुमार क्रांति की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें शुक्रवार को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। हालांकि, अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद उनका अनशन पांचवें दिन भी जारी है।
छात्रों ने बताया कि राहुल की स्वास्थ्य स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है और लगातार बिगड़ती तबीयत को लेकर वे चिंतित हैं। आंदोलनकारी अभ्यर्थियों ने सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने और प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar