Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

रांची, 08 अगस्त (हि.स.)। झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडेय ने जेपीएससी-जेएसएससी सहित प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच मीडिया से शनिवार को कहा है कि छात्रों की बात गंभीरता से सुनी जा रही है। और उनकी मांगों के समाधान के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। जेपीएससी छात्रों की मांगों पर सरकार गंभीर, संवाद, जांच और सुधार के रास्ते पर आगे बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से एनएसयूआई, युवा कांग्रेस, झारखंड छात्र मोर्चा और एसीएस आदिवासी सहित विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक संवाद हुआ है। छात्र संगठनों की ओर से रखे गए सभी सुझावों और चिंताओं से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही सरकार ने छात्रों, अभिभावकों, अभ्यर्थियों, शिक्षाविदों, अधिवक्ताओं और सिविल सोसाइटी समेत सभी संबंधित पक्षों से सुझाव आमंत्रित किए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुझाव ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकते हैं, ताकि परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर व्यापक स्तर पर विचार किया जा सके।
मंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने के छात्रों के अधिकार का सम्मान किया जाता है। छात्रों की मांगों को जायज बताते हुए मंत्री दीपिका पांडेय ने कहा कि इनके समाधान के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था और जेपीएससी प्रकरण पर सरकार संवाद, जांच और सुधार के रास्ते पर आगे बढ़ते हुए समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित पक्षों से प्राप्त सुझावों और चिंताओं का अध्ययन कर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। ताकि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता, जवाबदेही और भरोसा मजबूत करने की दिशा में पहल की जा सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar