Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

पटना, 08 अगस्त (हि.स.)। बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने राज्य के सभी नगर निकायों के अधिकारियों को ‘हर घर तिरंगा’ राष्ट्रीय अभियान के तहत व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने नगर निकायों से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक से अधिक नागरिकों को इससे जोड़ने को कहा है।
मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से नौ अगस्त से 17 अगस्त, 2026 तक ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ना और उन्हें अपने घर पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता तथा तिरंगे के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रभावी राष्ट्रीय अभियान बन चुका है। उन्होंने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह अभियान देश की एकता और अखंडता के साथ ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत करने में सहायक होगा।
उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, गौरव और एकता की सामूहिक अभिव्यक्ति है। इसके मद्देनजर नगर निकाय अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें और युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों तथा समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
मंत्री ने नगर निकायों को स्थानीय स्तर पर बाइक, साइकिल और कार तिरंगा रैली आयोजित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन तथा राष्ट्रभक्ति से जुड़े सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि अभियान को व्यापक बनाने के लिए डिजिटल माध्यमों का भी प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए नागरिकों को अभियान से जोड़ने के साथ उन्हें इसमें सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाए।
मंत्री ने बताया कि नागरिक तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर लेकर भारत सरकार के निर्धारित पोर्टल पर अपलोड कर अभियान में डिजिटल रूप से सहभागिता दर्ज करा सकते हैं। इसके बाद वे सहभागिता प्रमाण-पत्र भी डाउनलोड कर सकेंगे।
उन्होंने नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि नागरिकों को डिजिटल सहभागिता की प्रक्रिया की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और अधिक से अधिक लोगों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
नीतीश मिश्रा ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से बिहार के शहरी क्षेत्रों में राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक सहभागिता की भावना को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने सभी नगर निकायों से अभियान को उत्साहपूर्वक और प्रभावी तरीके से संचालित करते हुए इसे व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देने का आह्वान किया।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी