Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

गुवाहाटी, 26 अगस्त (हि.स.)। असम के कई जगहों पर बाढ़ से हालात सामान्य होने लगे है। इस बीच धनश्री नदी का जलस्तर गोलाघाट जिले के नुमालीगढ़ इलाके में खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। शिवसागर, नगांव, धेमाजी, कार्बी आंगलोंग, जोरहाट और गोलाघाट जिलों में बाढ़ का असर अब भी बना हुआ है। इन जिलों के 11 राजस्व मंडलों के 93 गांवों के 22663 नागरिक अभी भी प्रभावित हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के 25 अगस्त के आंकड़ों के अनुसार धनश्री नदी को छोड़कर सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे बह रहीं है। इस बार की बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 108 तक पहुंच गई है। वर्तमान समय में राज्य की कुल 4331.85 हेक्टेयर कृषि भूमि पानी में डूबी हुई है।
इस समय चार राहत शिविर एवं तीन राहत वितरण केंद्र क्रियान्वित हैं। राहत शिविरों में 122 लोग आश्रय लिए हुए हैं, जबकि राहत वितरण केंद्रों पर 2558 गैर-शिविर निवासी राहत प्राप्त कर रहे हैं। इस दौरान गोलाघाट जिला में दो व्यक्तियों की बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो गई। इसकी के साथ बाढ़ में मरने वालों की संख्या 108 हो गई है।
राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित इलाकों में बड़े पैमाने पर हुए सड़क, पुल एवं अन्य आधारभूत ढांचे के नुकसान का आकलन करवा रही है। प्रभावितों को आर्थिक एवं अन्य सामग्री मुहैया कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय