Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

इस्लामाबाद, 17 अगस्त (हि.स.)। बलोचिस्तान को पाकिस्तान से स्वतंत्र कराने के लिए सशस्त्र अभियान का नेतृत्व कर रहे संगठन ने सेना को भारी क्षति पहुंचाई है। बलोच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) के प्रवक्ता जयंद (जैंद) बलोच ने मीडिया को भेजे बयान में कहा कि पाकिस्तान के क्रूर शासकों के इशारों पर कत्लेआम करने वाली संघीय सेना से बदला लिया गया है। बीएलए के लड़ाकों ने बलोचिस्तान में आठ दिनों में 26 सैन्य अधिकारियों को मार गिराया है।
द बलोचिस्तान पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने पिछले दिनों सोराब और पंजगुर में निर्दोष लोगों और कैदियों का नरसंहार कर बर्बरता की सारी हदें लांघ दी। यह देखकर हर देशप्रेमी का खून खौल उठा। जैंद बलोच ने 16 अगस्त की देरशाम भेजे बयान में कहा कि विद्रोहियों ने आठ दिन में 22 अलग-अलग स्थानों पर पाकिस्तान सेना और मौत के दस्तों के ठिकानों पर हमला कर 26 सैन्य अफसरों को मार गिराया। इस दौरान मौत के दस्ते के एक सदस्य को जीवित दबोच लिया।
जैंद बलोच के मुताबिक, विद्रोहियों ने थानों और सुरक्षा चौकियों समेत कई पुलों को विस्फोट कर उड़ा दिया। नौ सरकारी वाहनों को उड़ा दिया। इस दौरान बीएलए के दो कमांड भी शहीद हो गए। यह झड़पें 9 अगस्त से 16 अगस्त के बीच हुईं। बीएलए विद्रोहियों ने इस दौरान प्रमुख रूप से सैन्य ठिकानों और थानों से सैकड़ों हथियार लूट लिए। 12 अगस्त को दिन में चगाई में चेथर थाने को विस्फोट कर उड़ा दिया गया।
इसी दिन रात को कलात के रुडिंजो में सैन्य वाहनों पर हमलाकर 17 अफसर और जवान मार गिराए।रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान की सेना ने आज सवेरे मस्तंग और खुजदारी में हेलीकॉप्टर से गोलाबारी करते हुए ड्रोन दागे हैं। क्वेटा में अफगान सेना के एक पूर्व कमांडर की गोली लगने से मौत हो गई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, ड्रोन रिहायशी इलाके में दागे गए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद