Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नदिया, 16 अगस्त (हि. स.)। जिले में कांग्रेस नेता और उनके बेटे की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। शनिवार रात कांग्रेस नेता अनीसुर रहमान और उनके बेटे अबू सूफियान की हत्या कर दी गई थी।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात बदमाशों ने कथित तौर पर कार को रोककर पिता-पुत्र पर गोली चलाई। इसके बाद दोनों को कार से बाहर निकालकर धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी गई।
घटना की जांच में जुटी पुलिस ने रविवार सुबह तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में नदिया के हरनागर पंचायत की प्रधान फातिमा बीबी भी शामिल हैं। उनके पति और इलाके के प्रभावशाली तृणमूल नेता जुब्बार शेख फिलहाल जेल में हैं।
पुलिस ने फातिमा बीबी के दो कथित सहयोगियों साहेब अली मंडल और मिथुन शेख को भी गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपितों का रविवार सुबह मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसके बाद उन्हें अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपितों को हिरासत में लेने की मांग की है। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार