Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नोएडा, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गौतमबुद्धनगर नोएडा के थाना रबूपुरा पुलिस ने शनिवार की मध्य रात्रि को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान हत्या के प्रयास के मामले में वांछित शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा चलाई गई गोली इसके पैर में लगी है। इसके दूसरे साथी को पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। यह बदमाश उद्यमियों को धमकाने, उनके साथ मारपीट करने और जनता में भय व्याप्त कर अवैध उगाही के लिए कुख्यात है।
अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार ने बताया कि थाना रबूपुरा पुलिस शनिवार की मध्य रात्रि को बैरियर लगाकर चेकिंग कर रही थी, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का इशारा किया, तो वे रुकने की बजाय वहां से मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे।
उन्होंने बताया कि पीछा करके पुलिस ने घेर उन्हें लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया कि आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा चलाई गई गोली एक बदमाश बंटी उर्फ मलिंगा पुत्र भोजराज निवासी ग्राम मुरादगढी के पैर में लगी है। इसकी उम्र 34 वर्ष है। उन्होंने बताया कि इसके कब्जे से पुलिस ने एक देशी तमंचा, कारतूस आदि बरामद किया है।
उन्होंने बताया कि इसके एक अन्य साथी बबलू पुत्र भोजराज को पुलिस ने कांबिग के दौरान गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि दोनों बदमाश सगे भाई हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने कुछ दिन पूर्व एक व्यक्ति के ऊपर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई थी। इसके अलावा मलिंगा के खिलाफ पूर्व में कई मुकदमे दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी