Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 16 अगस्त (हि.स.)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने रविवार को आगामी महिला एशिया कप और एशियाई खेलों के लिए 15 सदस्यीय टीमों की घोषणा कर दी। तेज गेंदबाज फातिमा सना दोनों टूर्नामेंटों में पाकिस्तान की कप्तानी करेंगी।
द हंड्रेड में हिस्सा लेने के कारण वह हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ टी-20 श्रृंखला में नहीं खेल सकी थीं।
महिला एशिया कप का आयोजन 28 अगस्त से 13 सितंबर तक दुबई में होगा। पाकिस्तान को ग्रुप ए में भारत, थाईलैंड और हांगकांग-चीन के साथ रखा गया है। पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत एक सितंबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा, जबकि पांच सितंबर को उसका मुकाबला भारत से होगा। सात सितंबर को पाकिस्तान हांगकांग-चीन से भिड़ेगा।
सेमीफाइनल 10 और 11 सितंबर को, जबकि फाइनल 13 सितंबर को खेला जाएगा।
एशियाई खेलों में भी फातिमा संभालेंगी नेतृत्व
जापान में होने वाले एशियाई खेलों में भी फातिमा सना पाकिस्तान की कप्तान होंगी। क्रिकेट प्रतियोगिता 17 सितंबर से आइची के कोरोगी एथलेटिक पार्क में शुरू होगी। पाकिस्तान 17 सितंबर को क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड का सामना करेगा। सेमीफाइनल 20 सितंबर को तथा कांस्य और स्वर्ण पदक के मुकाबले 22 सितंबर को होंगे।
पाकिस्तान की महिला टीम ने इससे पहले 2010 और 2014 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि 2022 के संस्करण में टीम चौथे स्थान पर रही थी।
एशिया कप के लिए पाकिस्तान टीम
फातिमा सना (कप्तान), आयशा जफर, ईमान नसीर, ईमान फातिमा, गुल फिरोजा, मोमिना रियासत, मुनीबा अली सिद्दीकी (विकेटकीपर), नाजिहा अल्वी, नशरा संधू, सादिया इकबाल, सायरा जाबीन, शवाल जुल्फिकार, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर।
एशियाई खेलों के लिए पाकिस्तान टीम
फातिमा सना (कप्तान), आलिया रियाज, आयशा जफर, ईमान नसीर, ईमान फातिमा, गुल फिरोजा, हुमा बिलाल, मोमीना रियासत, मुनीबा अली (विकेटकीपर), नशरा संधू, सायरा जाबीन, शवाल जुल्फिकार, तस्मिया रुबाब, तुबा हसन और उम्म-ए-हानी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे