Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

श्रीनगर, 16 अगस्त (हि.स.)। रविवार को पुलिस ने शोपियां ज़िले में कई पीडीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। ये कार्यकर्ता किसानों के साथ मिलकर जम्मू-कश्मीर सरकार द्वारा फ़सल बीमा योजना लागू न कर पाने के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
अधिकारियों के मुताबिक पीडीपी कार्यकर्ता और कुछ किसान शोपियां शहर में इकट्ठा हुए और योजना को लागू न करने के लिए उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस साल शोपियां ज़िले में भारी बारिश और ओलावृष्टि जैसे खराब मौसम की वजह से बागवानी और खेती की फ़सलों को भारी नुकसान पहुँचा है परंतु सरकार फसल बीमा लागू करने में पूरी तरह नाकाम रही है।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्वक तितर-बितर होने को कहा क्योंकि उनके पास इस कार्यक्रम के लिए अनुमति नहीं थी। हालाँकि प्रदर्शनकारियों ने हटने से इनकार कर दिया जिसके बाद पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
पीडीपी के पूर्व विधायक एजाज़ अहमद मीर ने एक्स पर पोस्ट किया कि नियोजित विरोध-प्रदर्शन से पहले उन्हें नज़रबंद कर दिया गया। आज नज़रबंद किए जाने के बावजूद हमारे किसानों की आवाज़ को दबाया नहीं जा सका। सैकड़ों फल उत्पादक शोपियां के घंटा घर पर इकट्ठा हुए और हमारी जायज़ मांगों के समर्थन में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि किसानों की भारी भागीदारी ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि सेब और चेरी के लिए फसल बीमा योजना की मांग किसी एक व्यक्ति का मुद्दा नहीं है बल्कि पूरे इलाके के हज़ारों उत्पादकों की सामूहिक आवाज़ है। उन्होंने आगे कहा कि प्रदर्शनकारियों ने हाल ही में हुई ओलावृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों के लिए पूरे मुआवज़े की भी मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता