बलरामपुर : सुखड़ी नदी में बहा 15 वर्षीय किशोर, दूसरे दिन मिला शव
भैंस को नदी से निकालने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आया, सनवाल पुलिस ने शुरू की जांच बलरामपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से हादसों का सिलसिला भी बढ़ गया है। सनवाल थाना क्षेत्र के ग्रा
बलरामपुर : सुखड़ी नदी में बहा 15 वर्षीय किशोर, दूसरे दिन मिला शव


भैंस को नदी से निकालने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आया, सनवाल पुलिस ने शुरू की जांच

बलरामपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। बलरामपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से हादसों का सिलसिला भी बढ़ गया है। सनवाल थाना क्षेत्र के ग्राम पंचवाल में शनिवार दोपहर भैंस को नदी से बाहर निकालने की कोशिश कर रहा 15 वर्षीय किशोर सुखड़ी नदी के तेज बहाव में बह गया। करीब एक दिन तक चले खोजबीन अभियान के बाद रविवार सुबह किशोर का शव त्रिशूली और पचावल के बीच सुखड़ी नदी से बरामद किया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचवाल निवासी बीरेंद्र यादव (15) शनिवार दोपहर भैंस चराने के लिए गांव के आसपास गया था। इसी दौरान एक भैंस सुखड़ी नदी में चली गई। लगातार बारिश के कारण पहले से ही नदी का बहाव काफी तेज था। भैंस को नदी से बाहर निकालने के प्रयास में बीरेंद्र भी तेज धार की चपेट में आ गया और देखते ही देखते पानी के बहाव में बह गया।

घटना के दौरान गांव की एक महिला की नजर किशोर पर पड़ी। नदी में पानी का बहाव काफी तेज होने के कारण महिला चाहकर भी उसे बचाने के लिए नदी में नहीं उतर सकी। उसने तत्काल परिजनों और सनवाल पुलिस को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे और किशोर की तलाश शुरू की गई। नदी के तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण तलाश अभियान में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। आसपास के नदी क्षेत्र में लगातार खोजबीन की जाती रही।

करीब एक दिन की तलाश के बाद रविवार सुबह लगभग 7.30 बजे त्रिशूली और पचावल के बीच सुखड़ी नदी में बीरेंद्र का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे अपने कब्जे में लिया।

सनवाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए रामानुजगंज स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय