Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

धर्मशाला, 16 अगस्त (हि.स.)। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीम ने एचआरटीसी बस में सवार अमृतसर के दो नशा तस्करों से 20.74 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ शाहपुर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक को पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर शाहपुर थाना क्षेत्र में आने वाले चंबी के पुराने पुल के समीप नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान कटरा से संधोल जा रही हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस को जांच के लिए रोका गया तो बस में सवार दोनों संदिग्धों की तलाशी लेने पर उनके पास से 20.74 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ है।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित पदार्थ और बस टिकटों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर थाना शाहपुर में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों में साहिल (उम्र 19 वर्ष), निवासी गांव व डाकघर चविंडा देवी, तहसील मजीठा, पुलिस थाना कथूनंगल, जिला अमृतसर (पंजाब) तथा आलोक कुमार (उम्र 25 वर्ष), निवासी गांव व डाकघर चविंडा देवी, तहसील मजीठा, पुलिस थाना कथूनंगल, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है। अब पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि यह नशीला पदार्थ कहां से लाया जा रहा था और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया