Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नई दिल्ली, 16 अगस्त (हि.स.)। दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में रविवार को ड्यूटी के दौरान एक एमसीडी सफाई कर्मचारी की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया। जांच में मृतक की पहचान अनिल के रूप में हुई है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही वारदात के पीछे का कारण सामने आएगा।
जानकारी के अनुसार, अनिल कल्याणपुरी इलाके में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान एक अज्ञात हमलावर ने उन पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों और साथियों ने उन्हें तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया, जहां डाॅक्टराें ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अनिल के दोस्त और साथी कर्मचारी गुलशन ने बताया कि अनिल अपनी ड्यूटी कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उन पर हमला कर दिया गया। जब तक साथी कर्मचारी कुछ समझ पाते, हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो चुका था। गुलशन ने आरोपित की जल्द गिरफ्तारी और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही कल्याणपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपित की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हत्या के कारणों का भी पता लगाने में जुटी है।
इधर अनिल की हत्या की खबर फैलते ही साथी सफाई कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और अस्पताल परिसर को घेरकर धरने पर बैठ गए। कर्मचारियों ने आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही मृतक के परिवार को सुरक्षा और उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन के चलते अस्पताल परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। मामला बढ़ता देख पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत करवाया। फिलहाल पुलिस आरोपित की पहचान करने में जुटी हुई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी