Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


पूर्वी सिंहभूम, 16 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जमशेदपुर में चोरी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। परसुडीह थाना क्षेत्र के छोटा गोविंदपुर गदरा स्थित गोकुल नगर के अंबेडकर नगर में चोरों ने दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर करीब 60 हजार रुपये नकद और 7 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। वहीं, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित एक शराब दुकान में शेड काटकर गल्ले में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये चोरी कर लिए गए।
परसुडीह थाना क्षेत्र में चोरी की घटना राजा शर्मा के घर में हुई। जानकारी के अनुसार, 15 अगस्त की दोपहर करीब तीन बजे राजा शर्मा अपने परिवार के साथ निजी काम से परसुडीह बाजार गए थे। करीब दो घंटे बाद शाम पांच बजे परिवार वापस लौटा तो घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर करीब 60 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। चोरी गए आभूषणों की कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने भी घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से जल्द मामले का उद्भेदन कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित पुलिस गश्ती और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी बढ़ाने की मांग की।
इधर, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बारीडीह स्थित शराब दुकान में भी चोरी की घटना सामने आई है। दुकान संचालक के अनुसार, 14 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद वह घर चला गया था। 16 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचा तो पीछे लगा शेड कटा हुआ मिला। अंदर जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये गायब मिले।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से संबंधित वीडियो और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक