Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

काहिरा (मिस्र), 16 अगस्त (हि.स.)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत जेरेड कुशनर की मध्य पूर्व की प्रस्तावित यात्रा से पहले हमास के राजनीतिक नेता और मुख्य वार्ताकार खलील अल-हय्या आज रात मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंचने वाले हैं। उनके साथ हमास नेताओं का प्रतिनिधिमंडल भी है।
अल जजीरा और अनादोलु की हमास सूत्रों के हवाले से जारी रिपोर्ट के अनुसार जुलाई के आखिर में हमास की कमान संभालने के बाद अल-हय्या की मिस्र की पहली विदेश यात्रा है। उनके मिस्र के खुफिया प्रमुख हसन रशाद से मिलने की उम्मीद है। इस यात्रा का मकसद गाजा में सीज फायर समझौते को मजबूत करने की कोशिशों पर चर्चा करना है।
हमास प्रतिनिधिमंडल मिस्र की जनरल इंटेलिजेंस सर्विस के चीफ हसन रशाद से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल में हमास शूरा काउंसिल के चीफ मोहम्मद दरविश, विदेश मामलों के प्रमुख खालिद मशाल, वेस्ट बैंक में हमास चीफ जाहेर जबारिन और अरब और इस्लामिक संबंध कार्यालय के प्रमुख बासेम नईम भी शामिल हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दाम कुशनर अगले हफ्ते इजराइल और मिस्र का दौरा करेंगे। वह गाजा योजना को लेकर मतभेदों को कम करने की कोशिश करेंगे।
इस मामले को अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट, व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स, संयुक्त राष्ट्र के मध्य पूर्व के पूर्व दूत निकोलाई म्लादेनोव, कुशनर, मध्य पूर्व के लिए अमेरिकी विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रुबियो देख रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद