Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

नोएडा, 16 अगस्त (हि.स.)। जनपद के अलग-अलग जगहाें पर हुए विभिन्न सड़क हादसाें में चार लोगों की मौत हो गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी उमेश नैथानी ने बताया कि थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में शनिवार की बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में आकाश रस्तोगी (29) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वह मूलरूप से जनपद बिजनौर के रहने वाले थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर 58 पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना जारचा क्षेत्र में बाइक पर सवार होकर जा रहे मोहम्मद जमा (20) एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान देर रात को उनकी मौत हो गई। थाना जारचा पुलिस रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। थाना सेक्टर 126 क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में रॉकी बाबा (67) वर्ष की बीती रात को मौत हो गई है। वह जेपी ग्रीन सेक्टर 128 में रहते थे। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
उन्होंने बताया कि थाना सेक्टर 58 क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में फर्रुखाबाद जनपद निवासी विशाल (27) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां पर शनिवार की बीती रात को उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी