Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

मुरादाबाद, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में थाना मझोला क्षेत्र निवासी एक निर्यातक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित निर्यातक ने बीती रात शनिवार को थाना पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी है। शिकायत में दो नामजद सहित अज्ञात लोगों पर फर्जी एग्रीमेंट लेटर बनाकर उससे 36 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। मामले में एसपी सिटी के निर्देश पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मझोला क्षेत्र निवासी मैसर्स शहनाज एक्सपोर्ट फॉर्म के मलिक इसरार हुसैन ने थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी जमीन थाना क्षेत्र के लालपुर बसतौर गांव में है। उसने अपनी जमीन का ना तो कभी किसी से सौदा किया और ना ही किसी को बेची। बीती 10 मई को उसके पास शाने आलम ने कोर्ट से एक नोटिस भिजवाया। नोटिस से उसे पता चला की शाने आलम और मोहम्मद शफीक ने एक एग्रीमेंट तैयार कर लिया है जिस पर उसका फोटो लगाकर फर्जी हस्ताक्षर किए गए हैं।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपित नोटिस भेजने के बाद से उससे 36 लाख रुपये की रंगदारी की लगातार मांग रहे हैं। रंगदारी की रकम न देने और पुलिस से शिकायत करने पर झूठे केस में फसाने के साथ ही पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। निर्यातक की तहरीर पर मामले में शाने आलम और मोहम्मद शफीक समेत पांच अज्ञात लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई हैं।
मामले में पुलिस अधीक्षक नगर कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि निर्यातक की तहरीर के आधार पर दो नामजद सहित अज्ञात लोगों के विरुद्ध थाना मझोला पुलिस ने रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच शुरू कर दी है। विवेचना में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।---------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल