बस में पकड़ा गया चिट्टा, एक यात्री गिरफ्तार
शिमला, 16 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक यात्री को 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिमला पुलिस की विशेष सेल ने बालूगंज थाना क्षेत्र में की। पुलिस ने आरोपी के खिल
गिरफ्तार तस्कर


शिमला, 16 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक यात्री को 10 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई शिमला पुलिस की विशेष सेल ने बालूगंज थाना क्षेत्र में की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार 15 अगस्त को विशेष सेल की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि ननखड़ी क्षेत्र का रहने वाला 28 वर्षीय अमन ठाकुर सोलन से शिमला आने वाली बस में हेरोइन लेकर आ रहा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर पुलिस चौकी शोघी के पास संबंधित बस को रुकवाया।

पुलिस ने नियमानुसार बस की तलाशी ली। इस दौरान सीट पर बैठे अमन ठाकुर के काले रंग के पीठू बैग की जांच की गई। तलाशी के दौरान बैग में रखी एक सिगरेट की डिब्बी से 10 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नशे की खेप को सिगरेट की डिब्बी में छिपाकर रखा हुआ था।

मामले में पुलिस थाना बालूगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसे नियमानुसार अदालत में पेश किया जाएगा। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन (चिट्टा) कहां से लाई गई थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा