Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

ऊना, 14 अगस्त (हि.स.)। बडूही-डुमखर सड़क पर नीलकंठ मंदिर के समीप शुक्रवार को दिनदहाड़े पिस्टतौल नोक पर कार सवार महिलाओं को लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता कविता शर्मा अपने परिवार के साथ जालंधर से अपनी रिश्तेदारी में जोल गाँव जा रहा थी । कार में सभी महिलाएं सवार थीं और एक युवती वाहन चला रही थी। घटना से कुछ समय पहले आरोपियों ने एक अन्य वाहन में सवार महिला को भी निशाना बनाने का प्रयास किया था, लेकिन सड़क पर अधिक आवाजाही होने के कारण वे अपने इरादों में सफल नहीं हो सके।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने महिलाओं से भरी कार को देखकर उसका पीछा करना शुरू कर दिया। कुछ दूरी पर पहुंचकर उन्होंने कार चालक को रुकने का इशारा किया। जैसे ही गाड़ी रुकी, एक युवक ने रिवॉल्वर महिला की कनपटी पर तान दी और सभी गहने उतारने को कहा। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी बेटी को गोली मारने की धमकी दे डाली। बेटी की सुरक्षा को लेकर घबराई महिला ने अपने गले से सोने की चेन उतारकर उन्हें दे दी। चेन लेकर दोनों बाइक सवार बडूही की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार से जानकारी जुटाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जिले से बाहर जाने वाले प्रमुख मार्गों पर नाकाबंदी कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की है।
एसपी ऊना सचिन हीरेमठ का कहना है कि पुलिस पूरी सतर्कता के साथ मामले की जांच कर रही है। क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है और विभिन्न टीमों को सक्रिय किया गया है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल