Enter your Email Address to subscribe to our newsletters


सारण, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत छपरा शहर के प्रमुख महाविद्यालयों में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में भव्य तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया।
राजेन्द्र कॉलेज, छपरा में रैली का शुभारंभ प्राचार्य प्रो संजय कुमार ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए किया। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रगौरव की भावना को सर्वोपरि रखने, व्यक्तित्व विकास करने और समाज सेवा में योगदान देने का आह्वान किया।
भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ रैली परिसर से रवाना होकर बजरंग रोड, काशी बाजार और मेन रोड होते हुए राजेन्द्र उद्यान पहुँची। देशरत्न डॉ राजेन्द्र प्रसाद जी की प्रतिमा के समक्ष रैली सभा में परिवर्तित हो गई, जहाँ प्राध्यापकों ने नए विद्यार्थियों को एन.एस.एस. के महत्त्व की जानकारी दी।
मौके पर प्रो अशोक कुमार सिन्हा, प्रो पूनम, डॉ अनुपम कुमार, डॉ ऋचा मिश्रा, डॉ बी.एस. साहू सहित अनेक शिक्षक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
दूसरी ओर जयप्रकाश महिला महाविद्यालय, छपरा में प्राचार्य डॉ किरण कुमारी के नेतृत्व में छात्राओं एवं स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे छात्राओं को भारतीय ध्वज संहिता, 2002 के नियमों और ध्वजारोहण के प्रोटोकॉल से अवगत कराया गया।
प्राचार्य डॉ किरण कुमारी ने कहा कि यह अभियान केवल झंडा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रीय मूल्यों के प्रति सम्मान व्यक्त करने का अवसर है। कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ बिंदी कुमारी ने छात्राओं को अभियान को सफल बनाने के लिए प्रेरित किया।
उपस्थित शिक्षकों व छात्राओं ने अपने घरों व आसपास तिरंगा फहराकर राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार