Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)। श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक बनाने के लिए जिला प्रशासन रियासी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त कुमार अभिषेक ने संबंधित अधिकारियों और श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा प्रबंधन समिति के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
बैठक में सुरक्षा, चिकित्सा सुविधाओं, पेयजल, सड़कों की मरम्मत, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति, मोबाइल शौचालय और यात्रा प्रबंधन समिति के साथ समन्वय सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। पुलिस विभाग को यात्रा मार्ग पर पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रशिक्षित चिकित्सा स्टाफ, जिसमें डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्सिंग ऑर्डरली शामिल हों, तैनात करने के साथ आवश्यक दवाइयां और पर्याप्त ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध रखने को कहा गया।
जल शक्ति विभाग को यात्रा अवधि के दौरान शिव शक्ति आश्रम, कोठियां में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को मंदिर की ओर जाने वाली सड़कों का उचित रखरखाव करने और किसी भी समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने को कहा गया। जेपीडीसीएल के कार्यकारी अभियंता को यात्रा अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
नगर परिषद रियासी को चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त सफाई कर्मियों की तैनाती कर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने तथा शिव शक्ति आश्रम, कोठियां में यात्रा के दौरान मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। तहसीलदार पौनी और श्री शिव खोरी श्राइन बोर्ड के प्रबंधक, रंसू को रंसू में बुड्ढा अमरनाथ यात्रियों के औपचारिक स्वागत और श्री शिव खोरी गुफा में सुगम दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से समय पर सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में श्री बुड्ढा अमरनाथ जी यात्रा प्रबंधन समिति के सदस्यों ने यात्रियों की सुविधाओं से जुड़ी विभिन्न मांगें और सुझाव भी रखे। उपायुक्त ने उनकी बात सुनी और आश्वासन दिया कि उचित मांगों की संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं समाधान किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा