Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)। वंदे मातरम फेज-3 अभियान और हर घर तिरंगा कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को किश्तवाड़ में मेगा तिरंगा बाइक और ई-ऑटो रैली निकाली गई। उपायुक्त पंकज कुमार शर्मा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में नागरिक एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों-कर्मचारियों, सीआरपीएफ, असम राइफल्स, सरकारी डिग्री कॉलेज के विद्यार्थियों और स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली वेलकम गेट-मालीपठ से शुरू होकर मुख्य बाजार और कूलीड़ चौक से गुजरते हुए नए डीसी कार्यालय परिसर में संपन्न हुई। पूरे मार्ग पर तिरंगे लहराते रहे और देशभक्ति के नारों से वातावरण गूंजता रहा। उपायुक्त ने रैली को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों और हितधारकों की सराहना की। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य नागरिकों का राष्ट्रीय ध्वज के साथ भावनात्मक जुड़ाव मजबूत करना और प्रत्येक परिवार को गर्व के साथ तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना है।
रैली ने एकता, देशभक्ति और संविधान में निहित मूल्यों के प्रति सम्मान का संदेश दिया। जिले के उपमंडल, तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी इसी तरह की तिरंगा बाइक रैलियां आयोजित की गईं। बाद में जिला प्रशासन ने उपायुक्त की अध्यक्षता में नए डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर दो मिनट का मौन रखा। जिले के सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में भी विभाजन के दौरान जान गंवाने और विस्थापन झेलने वाले लोगों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर एसएसपी नरेश सिंह, एडीडीसी विनोद कुमार बेहनाल, एडीसी पवन कोतवाल समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा