Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

बरेली, 14 अगस्त (हि.स.)। फ्यूचर यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग की ओर से नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘दीक्षारंभ’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मुकेश गुप्ता, प्रतिकुलाधिपति दीप गुप्ता, कुलपति प्रो. डॉ. राजेंद्र सिन्हा, मुख्य अतिथि एवं बॉलीवुड अभिनेता सुदेश बेरी और टीवी पत्रकार हिमांशी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन और करियर निर्माण के साथ ही जीवन में सफलता के लिए जरूरी मूल्यों से परिचित कराया गया। कुलाधिपति मुकेश गुप्ता ने विद्यार्थियों से अपनी जीवन यात्रा और संघर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि निरंतर प्रयास और दृढ़ संकल्प के बल पर फ्यूचर यूनिवर्सिटी की स्थापना का सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि समाज के उत्थान के लिए मजबूत शिक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों को सकारात्मक एवं प्रेरक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।
कुलपति प्रो. डॉ. राजेंद्र सिन्हा ने कहा कि तकनीकी शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन का होना बेहद जरूरी है। समय की पाबंदी और निरंतर सीखने की आदत विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाती है। प्रतिकुलपति डॉ. अनुभव सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए अपनी क्षमताओं को पहचानने और उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि अभिनेता सुदेश बेरी ने अपने फिल्मी सफर और जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि सफलता के लिए सही रवैये के साथ कृतज्ञता का भाव भी जरूरी है। पत्रकार हिमांशी ने कहा कि चुनौतियां और असफलताएं जीवन का हिस्सा हैं। विद्यार्थियों को असफलताओं से घबराने के बजाय उनसे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
कंप्यूटर एप्लीकेशन विभाग के डीन डॉ. अभिषेक सक्सेना ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समापन पर कुलाधिपति और कुलपति ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार