Enter your Email Address to subscribe to our newsletters

उदयपुर, 14 अगस्त (हि.स.)। उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में शुक्रवार को सामने आए डबल मर्डर के सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को हिला दिया। सायरा थाना क्षेत्र के पुनावली गांव में 48 घंटे से लापता चल रहे वृद्ध दंपती लहरीलाल पालीवाल और उनकी पत्नी राधा देवी के शव उन्हीं के घर के एक कमरे में रखे बड़े लोहे के बक्से से बरामद हुए। दोनों के शव बिस्तरों के नीचे दबे मिले। प्रारंभिक परिस्थितियों को देखते हुए दोनों की हत्या हाथ-पैर बांधकर गला दबाने के बाद किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
घटना का खुलासा उस समय हुआ, जब शुक्रवार सुबह दंपती की भांजी सोनू घर के आखिरी हिस्से में बने कमरे में पोछा लगाने पहुंची। कमरे में उसे तेज बदबू महसूस हुई। उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद लोहे के बड़े बक्से को खोला गया तो उसमें बिस्तरों के नीचे राधा देवी का शव मिला। राधा देवी का शव बाहर निकालने पर नीचे लहरीलाल पालीवाल का शव भी बरामद हो गया। दोनों शवों को पॉलीथिन में पैक किए जाने की बात सामने आई है।
बताया जा रहा है कि दंपती करीब 48 घंटे से लापता थे। परिजन और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे। उनका बेटा मनोहरलाल पालीवाल भी गुरुवार सुबह जूनागढ़ से गांव पहुंचा था और परिजनों के साथ घर में रहकर माता-पिता की तलाश कर रहा था।
घर में रिश्तेदारों और ग्रामीणों का आना-जाना भी था, लेकिन घर के आखिरी कमरे में रखे बक्से पर किसी का ध्यान नहीं गया। हत्यारों ने शव बक्से में रखने के बाद उसके ऊपर बिस्तर डाल दिए और बक्से के ऊपर भी बिस्तर रख दिए थे। माना जा रहा है कि इसी वजह से दो दिन तक शवों से उठने वाली बदबू बाहर नहीं आ सकी।
मौके की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस को आशंका है कि वारदात मंगलवार रात हुई होगी। आशंका है कि घर में घुसे बदमाशों ने पहले वृद्ध दंपती के हाथ-पैर बांधे और फिर गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों शवों को पॉलीथिन में पैक कर घर के आखिरी कमरे में रखे लोहे के बक्से में डाल दिया गया।
बक्से में शव छिपाने के बाद उसके ऊपर बिस्तर रखकर उसे ढक दिया गया।
घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजनों ने शव मौके से उठाने से इनकार कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी छगन पुरोहित और सायरा थानाधिकारी शैतान सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वॉयड ने भी मौका मुआयना किया।
पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई।
प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे संपत्ति विवाद या पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। खास बात यह है कि जिस लोहे के बक्से में दोनों शव मिले, उसी में करीब 20 से 30 तोला सोने के जेवर भी रखे होने की जानकारी सामने आई है। जेवर और घर में रखा पैसा सुरक्षित मिलने से पुलिस फिलहाल लूट की आशंका को कम मानकर अन्य एंगल से जांच कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्यारा या हत्यारे घर और परिवार की गतिविधियों से कितने परिचित थे।
एसपी डॉ. अमृता दुहान ने आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों को शांत कराते हुए मामले का जल्द खुलासा करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने ग्रामीणों से पुलिस जांच में सहयोग करने की अपील की।
इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हो सकी।
पुलिस पिछले दो दिनों से दंपती की तलाश में जुटी थी। मोबाइल लोकेशन की जांच के दौरान बुजुर्ग के मोबाइल की लोकेशन लखावली क्षेत्र में सामने आई। आशंका है कि हत्या के बाद बदमाश बुजुर्ग का मोबाइल लखावली की ओर फेंककर फरार हुए होंगे। पुलिस अब मोबाइल की लोकेशन, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर हत्यारों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित